कलयुगी पिता की हैवानियत, पत्नी और 3 मासूम बच्चों को नहर में फेंका! दर्दनाक मौत
June 24, 2026
बिहार के पश्चिम चंपारण में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव में रहने वाले रामबाबू यादव पर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। इस दर्दनाक घटना में तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि पत्नी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबित भंगहा गांव निवासी लोरिक यादव के बेटे रामबाबू यादव का सोमवार की रात अपनी पत्नी ललिता देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह करीब तीन बजे रामबाबू पत्नी और तीनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर घर से निकला। उसने पत्नी को यह कहकर साथ लिया कि उसे मायके मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव पहुंचा देगा।
आरोप है कि लोहियारिया चौक से आगे छवरहिया गांव के पास बरोहिया नहर के पास पहुंचने पर रामबाबू ने पहले पत्नी को नहर में धक्का दे दिया और फिर एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों को भी बहती नहर में फेंक दिया। ललिता देवी किसी तरह तैरकर बाहर निकली और अपने मायके पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इधर मंगलवार की सुबह नहर में एक बच्ची का शव तैरता देख ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पहचान नहीं होने की वजह से पुलिस ने शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। इसी बीच दोपहर बाद नहर से दो अन्य बच्चों के शव भी बरामद होने से हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि दो शव ग्रामीणों की मदद से निकाले गए, जबकि एक शव पुलिस ने बरामद किया।
तीनों मृत बच्चों की पहचान रामबाबू यादव के पुत्र-पुत्रियों के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद आरोपी रामबाबू यादव को उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ रखा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिजनों और मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। ऐसे एक ही परिवार के 3 मासूम बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। आरोपी पिता को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है।
