बीसलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, बीसलपुर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 246 योग साधकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समाजसेवी डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने की। योगाचार्यों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया।
इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विशेष योग जागरण अभियान भी चलाया गया। प्रधानाचार्य डॉ. चैहान के निर्देशन में विद्यालय के आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं ने 42 गांवों में योग कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को योग के प्रति जागरूक किया। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में 809 लोगों ने सहभागिता की, जिनमें 373 पुरुष, 24 महिलाएं, 381 छात्र तथा 31 छात्राएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का सम्मान किया गया तथा सभी उपस्थित लोगों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया गया। अपने संबोधन में डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है तथा स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
