Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, पारा 41 डिग्री के पार


दिल्ली में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। शनिवार को भी तापमान में कमी नहीं देखी गई। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्लीवासियों को जल्द ही इस भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) अगले कुछ दिनों में राजधानी में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, 'रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और दोपहर या शाम के समय गरज के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है। दिन के दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने और कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक के तेज झोंके आने की भी उम्मीद है।' उन्होंने कहा कि मंगलवार-बुधवार को गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।

शनिवार को शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, यह शुक्रवार की तुलना में 2.1 डिग्री अधिक रहा। अन्य मौसम केंद्रों पर भी न्यूनतम तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पालम में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार की तुलना में 0.9 डिग्री अधिक था। लोधी रोड में 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2.4 डिग्री की वृद्धि दर्शाता है।

वहीं रिज और आयानगर में क्रमशः 26.8 डिग्री और 29.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की तुलना में 0.2 डिग्री और 2.3 डिग्री अधिक था। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, इसके बाद पूरे दिन बारिश नहीं हुई।

आईएमडी ने मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। अधिकारी ने कहा, 'आने वाले दिनों में बहुत हल्की से हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि मंगलवार और बुधवार को मौसम की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।' इसी को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीबीसीबी) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' श्रेणी में बना रहा। शाम चार बजे तक 24 घंटे का औसत एक्यूआई 130 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' माना जाता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |