कन्नौज। जिला पूर्ति अधिकारी, कन्नौज ने बताया कि आयुक्त, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश, जवाहर भवन, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आवंटन माह नवंबर, 2022 (वितरण माह जनवरी, 2023) से उचित दर विक्रेताओं द्वारा किए जा रहे निःशुल्क खाद्यान्न वितरण के सापेक्ष लाभांश एवं परिवहन व्यवस्था का भुगतान राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआईसी) द्वारा विकसित एफपीएस पेमेंट मॉड्यूल के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन एवं पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत एनआईसी, उत्तर प्रदेश से प्राप्त ऑनलाइन वितरण आंकड़ों के आधार पर माह अप्रैल, 2025 से मार्च, 2026 तक वितरित खाद्यान्न के सापेक्ष उचित दर विक्रेताओं के लाभांश संबंधी बिल जिलाधिकारी महोदय के अनुमोदन उपरांत तैयार किए गए। इसके अंतर्गत जनपद के उचित दर विक्रेताओं के बैंक खातों में कुल 64,993,990 रुपये (रुपये छह करोड़ उनचास लाख तिरानवे हजार नौ सौ नब्बे मात्र) की धनराशि ऑनलाइन पेमेंट मॉड्यूल के माध्यम से सफलतापूर्वक हस्तांतरित की जा चुकी है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आगे बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत माह अप्रैल एवं मई, 2026 के सापेक्ष लाभांश की कुल धनराशि 10,489,528 रुपये (रुपये एक करोड़ चार लाख नवासी हजार पांच सौ अट्ठाईस मात्र) का बिल भी जिलाधिकारी महोदय के अनुमोदन के उपरांत सम्भागीय वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी (खाद्य), कानपुर सम्भाग, कानपुर को अग्रिम कार्रवाई एवं भुगतान हेतु प्रेषित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाब देह एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिससे उचित दर विक्रेताओं को उनके देय लाभांश का समयबद्ध एवं सीधे बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
.jpg)