लखनऊ। संभागीय परिवहन कार्यालय लखनऊ के आरटीओ ऑफिस गेट नंबर 1 पर सोमवार शाम करीब 5 बजे सड़क हादसे में हेलमेट पहनी दो स्कूटी सवार युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरटीओ ऑफिस गेट नंबर 1 से स्कॉर्पियो गाड़ी बाहर निकल रही थी। उसी समय बाहर से आ रही स्कूटी सवार दो युवतियां गेट के पास पहुंचीं। गेट के दोनों ओर खड़ी गाड़ियों के कारण विजिबिलिटी बाधित होने से स्कॉर्पियो चालक को स्कूटी दिखाई नहीं दी और टक्कर हो गई।
हादसे के बाद दोनों युवतियां सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर करोड़ों खर्च करने वाले परिवहन विभाग के मुख्य कार्यालय के गेट नंबर 1 पर ही हादसा होने के बाद भी मौके पर कोई प्रशासनिक अधिकारी न पहुंचने से लोगों में नाराजगी है।
वाहन स्वामियों का कहना है कि आरटीओ ऑफिस में आवागमन के लिए गेट नंबर 1 ही खुला रहता है। गेट नंबर 2 बंद होने से रोजाना जाम और हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने जनहित में गेट नंबर 2 खोलने की मांग की है।
