अमेठी: पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन, जनपद में 16.16 लाख से अधिक मतदाता दर्ज
June 10, 2026
अमेठी। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) ज्योति सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली, 1994 के अंतर्गत जनपद अमेठी की पंचायत निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम प्रकाशित नामावली के अनुसार जनपद में कुल 16,16,891 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,34,064 पुरुष तथा 7,82,827 महिला मतदाता शामिल हैं। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के आलेखों में आवश्यक संशोधन एवं पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के उपरांत नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया है। प्रकाशित नामावली की प्रतियां उनके कार्यालय, संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत कार्यालयों में आमजन के अवलोकन हेतु उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने बताया कि जनपद अमेठी में कुल 682 ग्राम पंचायतें, 934 मतदान केंद्र तथा 2489 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। पंचायत निर्वाचन नामावली के अंतिम प्रकाशन के साथ ही ग्रामीण लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार विकास खंड जगदीशपुर में सर्वाधिक 2,04,605 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 1,05,658 पुरुष एवं 98,947 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं शाहगढ़ विकास खंड में सबसे कम 67,544 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त सिंहपुर विकास खंड में 1,71,785, जामो में 1,57,454, बाजार शुकुल में 1,47,835, तिलोई में 1,32,342, भादर में 1,24,832, मुसाफिरखाना में 1,20,335, अमेठी में 1,17,687, गौरीगंज में 1,06,722, बहादुरपुर में 94,944, भेटुआ में 88,765 तथा संग्रामपुर में 82,041 मतदाता दर्ज किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत निर्वाचन नामावली का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य कर लें तथा किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर नियमानुसार संबंधित कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पंचायत निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण एवं अंतिम प्रकाशन की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमसम्मत ढंग से संपन्न कराया गया है, जिससे प्रत्येक पात्र मतदाता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर सुनिश्चित किया जा सके। पंचायत निर्वाचन की दृष्टि से यह नामावली आगामी चुनावी गतिविधियों का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।
.jpg)