Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ग्राम पंचायतों में आयोजित हुई रात्रि चैपालें! ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश


प्रतापगढ़। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद प्रतापगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में रात्रि चैपालों का आयोजन किया गया। चैपालों के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने एवं गांव स्तर पर मौजूद समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से 09 जून को पांच विकासखंड की ग्राम पंचायत क्रमशः विकास खण्ड रामपुर संग्रामगढ़ की ग्राम पंचायत मोटीन, सदर की ग्राम पंचायत सराय महिमा, कालाकांकर की ग्राम पंचायत तिवारीपुर, बाबा बेलखरनाथ धाम की ग्राम पंचायत ईशनपुर तथा बाबागंज की ग्राम पंचायत कोड़रखुर्द में नामित नोडल अधिकारियों की अध्यक्षता में रात्रि चैपालों का आयोजन किया गया।

चैपालों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों द्वारा नाली निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं निराश्रित पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल व्यवस्था, सड़क मरम्मत, भूमि विवाद सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए, जबकि अन्य जटिल मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। चैपालों में आवास, पेंशन, राशन, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

रात्रि चैपाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यक दवाएं वितरित की गईं तथा विभिन्न बीमारियों की जांच की गई।

अधिकारियों ने कहा कि रात्रि चैपाल का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि गांवों में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा गांव के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी बाबा बेलखरनाथ धाम, खण्ड विकास अधिकारी कालाकांकर, खण्ड विकास अधिकारी सदर, खण्ड विकास अधिकारी बाबागंज, खण्ड विकास अधिकारी रामपुर संग्रामगढ़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |