प्रतापगढः पशुपालकों को मिलेगा मुफ्त चारा बीज मिनीकिट, 120 लाभार्थियों का होगा चयन
June 17, 2026
प्रतापगढ़। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बुधवार को बताया है कि खरीफ 2026-27 के लिए राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त चारा विकास कार्यक्रम (रा0यो0) के अंतर्गत निःशुल्क चारा योजना शुरू की गई है। योजना के तहत जनपद में 120 पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें उन्नत किस्म के चारा बीज मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे पशुओं के लिए गुणवत्तापूर्ण हरे चारे का उत्पादन बढ़ाया जा सके।योजना के अंतर्गत ज्वार, लोबिया, मक्का सहित अन्य चारा फसलों के बीजों का मिनीकिट प्रति लाभार्थी 0.1 हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाना तथा पशुओं के लिए पौष्टिक चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। योजना में उन पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी जो कम से कम दो दुधारू पशु पालते हों तथा चारा उत्पादन के लिए पर्याप्त भूमि और सिंचाई की सुविधा रखते हों। लघु एवं सीमांत किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ तथा गौशाला संचालकों को भी प्राथमिकता के आधार पर चयनित किया जाएगा। स्थायी एवं अस्थायी गोआश्रय स्थलों, नंद बाबा दुग्ध मिशन तथा अन्य विभागीय योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को भी वरीयता दी जा सकती है। साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक समुदाय एवं महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लाभार्थियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुके लाभार्थियों को पुनः चयनित नहीं किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने इच्छुक पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए अपने निकटतम पशु चिकित्सालय अथवा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, विकास भवन प्रतापगढ़ से संपर्क करें और योजना का लाभ उठाएं।
.jpg)