कन्नौज । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद कन्नौज में योग सप्ताह का शुभारंभ उत्साह, जनसहभागिता एवं सकारात्मक ऊर्जा के वातावरण में किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर, कन्नौज में आयोजित योग कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक कु. आकांक्षा सिंह सेंगर एवं शिव प्रताप द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का सशक्त माध्यम है। योग तनावमुक्त, अनुशासित और स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जनजागरण का व्यापक अभियान है। योग सप्ताह के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जनपद में निरोगी एवं स्वस्थ जीवन की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
इसके अतिरिक्त जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों एवं ग्राम पंचायतों में भी योग सप्ताह के अंतर्गत योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजनमानस, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर ष्करें योग, रहें निरोगष् के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जनपद कन्नौज में योग सप्ताह का यह सफल शुभारंभ जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग, कन्नौज के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ, निरोगी, जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण हेतु अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती नवनीता राय, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विजय कुमार यादव, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, नोडल अधिकारी डॉ. ज्योति चन्द्र, डॉ. राजू कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सहित आयुष विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी गरिमामयी उपस्थिति में मौजूद रहे।
