अमेठीः यूपी-112 का गुडवर्क! महिला अभ्यर्थी समय पर पहुंची परीक्षा केंद्र, भर्ती परीक्षा में हुई शामिल
June 10, 2026
अमेठी। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपातकालीन सेवा यूपी-112 ने एक बार फिर अपनी तत्परता और जनसेवा भावना का परिचय देते हुए एक महिला अभ्यर्थी को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाकर उसकी परीक्षा छूटने से बचा ली। बुधवार को आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने आई रिया यादव पुत्री रामशिरोमणि यादव निवासी कादीपुर, जनपद सुल्तानपुर गलती से अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र रणवीर रणंजय पी.जी. कॉलेज, अमेठी के बजाय रणवीर इंटर कॉलेज, मुंशीगंज पहुंच गईं। परीक्षा का समय नजदीक होने और परीक्षा छूटने की आशंका के बीच अभ्यर्थी ने सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क किया। सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी-8577 टीम सक्रिय हुई और तत्काल अभ्यर्थी से संपर्क स्थापित कर उसे सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते रिया यादव निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकीं। समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अभ्यर्थी ने अमेठी पुलिस एवं यूपी-112 टीम का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में पीआरवी-8577 पर तैनात आरक्षी राजेश कुमार एवं चालक होमगार्ड अफरोज खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी यूपी-112 की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
