पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गुरुग्राम कोर्ट में पेशी, ED को मिली 7 दिनों की रिमांड
May 10, 2026
पंजाब की भगवंत मान सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को बीती देर रात गुरुग्राम अदालत में पेश किया गया. करीब 4 घंटे से ज्यादा देर तक चली बहस के बाद अदालत ने 7 दिन की रिमांड पर भेज दिया है. दरअसल ईडी ने अदालत से 10 दिन की रिमांड मांगी था लेकिन अदालत में 7 दिन के डिमांड का ऑर्डर दिया. 16 मई को दोबारा से गुरुग्राम की अदालत में संजीव अरोड़ा को पेश किया जाएगा.
पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के वकील ने जानकारी देते हुए बताया कि ईडी ने जो भी इल्जाम लगाए हैं वह सभी बे-बुनियाद हैं. दरअसल ईडी ने बिना जांच किए ही पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है. 5 मई को उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई और 9 मई को उनको गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि ईडी ने कोई जांच भी नहीं की है.
इससे पहले सुबह सेक्टर-2 में स्थित अरोड़ा के आवास पर करीब 20 गाड़ियों में टीम पहुंची. मंत्री संजीव अरोड़ा पर महीने भर में ईडी की दूसरी कार्रवाई है. इससे पहले उनके लुधियाना के ठिकानों पर दबिश दी गई थी. सूत्रों के अनुसार ईडी ने संजीव अरोड़ा से जुड़ी कुछ कंपनियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं का पता लगाया है. इनमें 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और शेल कंपनियों के जरिए किए गए फर्जी निर्यात शामिल हैं.
केंद्रीय एजेंसी को शक है कि फेमा नियमों का उल्लंघन करते हुए विदेशी संस्थाओं के जरिए पैसों की राउंड-ट्रिपिंग की गई है. इसके चलते एजेंसी ने कई बैंक खाते अटैच कर लिए हैं और साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े डीमैट खाते और म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज कर दिया है.
रेड से भड़के सीएम भगवंत मान ने जमकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है. एक साल में यह तीसरी बार है जब बीजेपी की ईडी उनके घर आई है और एक महीने में दूसरी बार. फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला. मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है. औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था. इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा.
