हाथरस। देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर बुधवार को आगरा रोड स्थित श्री राधा कृष्ण कृपा भवन में कांग्रेसजनों द्वारा एक भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के कार्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पंडित नेहरू के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी एवं शिक्षक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चंद्र पचैरी ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के वास्तविक निर्माता थे, जिन्होंने देश को लोकतंत्र, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक सोच की मजबूत दिशा दी। जिला उपाध्यक्ष पंडित ऋषि कुमार कौशिक ने कहा कि नेहरू जी का विराट व्यक्तित्व आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है और राष्ट्र के प्रति उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य वीना गुप्ता एडवोकेट एवं पूर्व जिला सचिव हरिशंकर वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि पंडित नेहरू ने देश को एकता, विकास और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि स्वतंत्र भारत को आधुनिक सोच, औद्योगिक क्रांति और विश्व स्तर पर नई व मजबूत पहचान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य पंडित नेहरू ने ही किया था। उनका जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवता के प्रति समर्पित रहा, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य रूप से कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, पीयूष अग्निहोत्री, विष्णु कुमार, संजय कप्तान, पन्नालाल सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

