पीलीभीत। देश के विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली उल्लेखनीय सफलता के बाद बरखेड़ा क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पश्चिम बंगाल में पहली बार प्रभावशाली प्रदर्शन, असम में लगातार तीसरी बार सत्ता वापसी और पुडुचेरी में गठबंधन की पुनः जीत को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। इस अवसर पर खमरियापुल स्थित श्रीपरम अक्रियधाम आश्रम कार्यालय तथा अलीगंज मार्ग स्थित कैंप कार्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व महामंडलेश्वर एवं विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने किया। कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जुटान शुरू हो गया था। देखते ही देखते दोनों स्थानों पर सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्र हो गए और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। भाजपा के झंडों और बैनरों से सजे परिसर में ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर खुशी का इजहार किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाइयां दी गईं और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” व “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। इस मौके पर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत देश की जनता के भरोसे, पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को समर्थन देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनने और पुडुचेरी में गठबंधन की सफलता को संगठन की मजबूती का प्रमाण बताया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की विचारधारा और योजनाएं समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं, यही कारण है कि पार्टी को निरंतर जनसमर्थन मिल रहा है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उनके समर्पण और अनुशासन की सराहना की और भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस आयोजन में भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष महेन्द्रलाल राजपूत, महेश लोधी, प्यारेलाल कश्यप, नंदलाल लोधी, हरेंद्र कुमार, चन्दनलाल, अखिलेश शर्मा ‘एडवोकेट’, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजू लोधी, नंदकिशोर सैनी, मंदीप शेरगिल, मंडल महामंत्री दिनेश कोरी, राजकुमार वर्मा, प्रेम वर्मा, ओमप्रकाश मौर्य, हरिराम सोनकर, डॉ. बांकेलाल गंगवार, एडवोकेट योगेश, शांति स्वरूप सागर, प्रेम शंकर गंगवार, राम सिंह चैहान, युगल वर्मा, ज्ञानी वर्मा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई और आने वाले समय में भी इसी तरह की सफलता दोहराने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
“यह विजय केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि जनता के अटूट विश्वास और राष्ट्रवादी सोच की जीत है। जब संगठन मजबूत होता है, तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अब हमारा कर्तव्य है कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
स्वामी प्रवक्तानंद महाराज, महामंडलेश्वर एवं विधायक, बरखेड़ा
