आज कांग्रेस की छवि एक परजीवी पार्टी के रूप में बन गई है-पीएम मोदी
May 10, 2026
चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में (10 मई) को TVK चीफ सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वो अब डीएमके और एआईएडीएमके गठबंधन से बाहर के पहले ऐसा नेता बन गए हैं, जो 1967 के बाद तमिलनाडु सरकार का नेतृत्व करेंगे. हालांकि ये सब इतना आसान भी नहीं थी, क्योंकि थलापति को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल से एक ही हफ्ते में 4 बार मुलाकात करनी पड़ी. विधानसभा चुनाव में टीवीके भले ही राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी हो, लेकिन उन्हें सरकार चलाने के लिए कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों समेत अन्य छोटे दलों पर निर्भर रहना पड़ेगा. ऐसे में तमिलनाडु की इस गठबंधन सरकार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान आया है.
पीएम मोदी ने कांग्रेस को महागठबंधन में शामिल अपने पुराने साथी डीएमके को धोखा देने का आरोप लगाया है. कर्नाटक के बेंगलुरु में शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज कांग्रेस की छवि एक परजीवी पार्टी के रूप में बन गई है और यही कारण है कि मौका मिलते ही यह अपने सहयोगियों को भी धोखा देती है. तमिलनाडु को ही देख लीजिए."
कांग्रेस को परजीवी पार्टी बताते हुए पीएम मोदी ने जमकर तंज कसा. उन्होंने कहा कि 25-30 वर्षों तक कांग्रेस और डीएमके के बीच घनिष्ठ संबंध रहे. डीएमके के साथ गठबंधन ने कई बार कांग्रेस को संकटों से बचाया है, यहां तक कि 2014 से पहले 10 वर्षों तक शासन करने वाली यूपीए सरकार भी डीएमके के कारण ही बची रही.
पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि डीएमके 25-30 वर्षों तक हर सुख-दुख में कांग्रेस के साथ खड़ी रही. हर क्षण उसने कांग्रेस के हित में काम किया लेकिन जैसे ही अन्य जगहों पर राजनीतिक समीकरण बदले, सत्ता की भूखी कांग्रेस ने पहले ही मौके पर डीएमके को धोखा दे दिया.
