बीसलपुर। जनपद के बीसलपुर थाना क्षेत्र के बड़ागांव स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक बड़ा तालाब परिसर में ज्येष्ठ माह के अवसर पर आयोजित विशाल सार्वजनिक भंडारे में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित भंडारे में दूर-दराज के दर्जनों गांवों से पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। ऐतिहासिक बड़ा तालाब स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। बड़ागांव, संगवा, इमलिया गंगी, दमूपुरा, पकड़िया, विंधुआ, नारानपुर समेत आसपास के अनेक गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
भंडारे के दौरान स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी संगीत मंडली के साथ प्रकृति और भक्ति से जुड़े लोकभजन प्रस्तुत किए। मधुर भजनों और पारंपरिक गीतों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि बड़ा तालाब केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है। यहां हर वर्ष आयोजित होने वाला भंडारा आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान किसान नेता एवं क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के प्रांतीय संरक्षक देव स्वरूप पटेल ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ प्रकृति संरक्षण को जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
भंडारे की खास बात यह रही कि आयोजनकर्ताओं ने केवल लोगों को ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी प्रसाद खिलाया। इससे कार्यक्रम में मानवीय संवेदनाओं और जीव संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरे आयोजन में व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

