बीसलपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की तहसील शाखा का वार्षिक चुनाव रविवार को तहसील सभागार में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में पूरी हुई, जिसमें सीमा देवी को सर्वसम्मति से तहसील अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद लेखपालों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
चुनाव में जाहिद अली को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सनी को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, विकास शुक्ला को मंत्री, संजीव कुमार को उपमंत्री, श्रीकांत को कोषाध्यक्ष तथा सलिल चैहान को लेखा परीक्षक चुना गया। सभी पदाधिकारियों के निर्वाचित होने के बाद उपस्थित लेखपालों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
चुनाव प्रक्रिया जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष लोकेश कुमार, जिला कनिष्ठ उपाध्यक्ष नूर अफरोज, जिला कोषाध्यक्ष अनिल सिंह राणा तथा जिला लेखा परीक्षक सतीश कुमार जोशी की देखरेख में संपन्न कराई गई। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और नई कार्यकारिणी लेखपालों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा देवी ने सभी लेखपालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन के हितों की रक्षा और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर लेखपालों के सामने आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

