बीसलपुर। क्षेत्र के शफी डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत घरेलू हिंसा एवं उसके समाधान विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को घरेलू हिंसा के प्रति संवेदनशील बनाना और इससे निपटने के उपायों की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम का संचालन बी.एड. विभाग की छात्रा ऋतिक शुक्ला ने किया। इस अवसर पर बी.सी.ए. विभाग की प्रवक्ता शोभना शुक्ला ने कहा कि घरेलू हिंसा को रोकने के लिए व्यक्तिगत, सामाजिक और कानूनी स्तर पर समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने स्वस्थ संबंधों को बढ़ावा देने, विवादों को अहिंसक तरीके से सुलझाने और जागरूकता अभियानों के महत्व पर जोर दिया। साथ ही पीड़ितों को सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। समन्वयक अनीस बेग ने छात्राओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाएं कानून का सहारा लेकर पुलिस या मजिस्ट्रेट से संरक्षण आदेश प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 181 एवं 112 पर संपर्क कर सहायता लेने की अपील की।
इस दौरान महाविद्यालय के बी.ए., बी.एससी., बी.सी.ए., बी.एड. एवं डी.एल.एड. के छात्र-छात्राएं एवं समस्त प्राध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार, प्रवक्ता फईंग सिद्दीकी, रविन्द्र पाल सिंह गंगवार, चिरंजीव गंगवार, अनिल कुमार, रिजवान खान, प्रदीप कुमार, शोभना शुक्ला सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
