प्रतापगढ़/बाबागंज। महेशगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज और हिंदू धर्म को निशाना बनाकर बनाए गए वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। मामले को गंभीर बताते हुए सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महेशगंज थाना क्षेत्र के पुरमई सुल्तानपुर गांव के रहने वाले दो व्यक्ति सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो बनाकर अपलोड कर रहे हैं, जिनमें ब्राह्मण समाज और हिंदू धर्म के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दोनों व्यक्ति सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से जानबूझकर धार्मिक एवं जातीय भावनाओं को भड़काने वाले वीडियो बना रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही सवर्ण आर्मी के प्रदेश सचिव पवन मिश्र के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता महेशगंज थाने पहुंचे और वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए नामजद तहरीर दी। आरोप है कि हिंदू नामधारी होने के बावजूद आरोपी लगातार हिंदू धर्म और ब्राह्मण समाज को बदनाम कर रहें हैं तथा जातीय आधार पर मिलने वाले सरकारी लाभ लेने के बावजूद आरोपी समाज और हिंदू धर्म के खिलाफ जहर घोलने का काम कर रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
एसओ संदीप कुमार तिवारी का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है और वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में लगातार सोशल मीडिया के जरिए धार्मिक और जातीय टिप्पणियों की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
