Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः लोक अदालत का प्रचार अभियान शुरू, जनपद न्यायाधीश ने दिखाई हरी झंडी! नौ मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सक्रिय


बलिया। आगामी नौ मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को दीवानी न्यायालय परिसर से जागरूकता वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अश्वनी कुमार दुबे, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी संजीव कुमार तिवारी तथा नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रथम कान्त की गरिमामयी उपस्थिति रही। संचालन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रचार वाहन जिले की सभी तहसीलों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व से अवगत कराएगा। लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, बिजली एवं टेलीफोन बिल, चेक बाउंस, टैक्स मामले तथा सुलह योग्य फौजदारी प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत में निस्तारित मामलों में अपील नहीं होती और इसका निर्णय न्यायालय के फैसले के समान प्रभावी माना जाता है।

कार्यक्रम में अपर जनपद न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज, न्यायिक मजिस्ट्रेट, अधिवक्ता, पैरालीगल वालंटियर्स, न्यायालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में वादकारी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपने लंबित मामलों के निस्तारण हेतु लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |