बलिया। संभावित मानसून और बाढ़ को देखते हुए कटहल नाला परियोजना पर प्रशासन ने तेजी बढ़ा दी है। मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने समीक्षा बैठक में बताया कि नाले की खुदाई का कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा मानसून से पहले करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में पक्के निर्माण कार्य पूर्ण करने की योजना बनाई गई है।
समीक्षा के दौरान सहायक अभियंता सीएनडीएस को निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर कराए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बारिश शुरू होने से पहले रिटेनिंग वॉल और स्टोन पिचिंग का कार्य तकनीकी गुणवत्ता के साथ पूरा करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। रिटेनिंग वॉल का निर्माण मई माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही सिंचाई विभाग से तकनीकी मार्गदर्शन लेकर स्टोन पिचिंग कराने तथा पाथ-वे मार्ग में मिट्टी भराई कर उसे मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की क्षति न हो। लोक निर्माण विभाग से भी आवश्यक सहयोग लेने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने कार्यदाई संस्था को चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और समय-समय पर तकनीकी परीक्षण भी कराया जाएगा। प्रशासन की योजना है कि पहले चरण में एक किलोमीटर हिस्से को मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जाए, जबकि शेष कार्य मानसून के बाद पूरा कराया जाएगा।
