Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की डीएम ने की समीक्षा


अमेठी। जिलाधिकारी संजय चैहान ने कल कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी द्वारा ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में 19 पैरामीटर पर की गई संतृप्ति की जानकारी प्रस्तुत की गई। समीक्षा के दौरान कई विद्यालयों में विद्युतीकरण, बाउंड्री वॉल एवं फर्नीचर की कमी सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यालयों में उच्च गुणवत्ता का फर्नीचर उपलब्ध कराया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत डिजिटल उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, वहां के प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वेतन रोकने की कार्यवाही की जाए। इको क्लब गठन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के ऐसे 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया हो। उन्होंने विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। नवीन नामांकन अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में आरटीई योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रवेशित बच्चों की संख्या की भी समीक्षा की गई। मध्यान भोजन योजना के अंतर्गत किचन गार्डन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समस्त शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में किचन गार्डन विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि मौसम के अनुरूप बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि विद्यालयों में छात्र-छात्राएं सब्जियों एवं पौधों के बारे में व्यवहारिक जानकारी प्राप्त कर सकें। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |