Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

देर रात घर में घुसकर मां और मासूम बेटे की हत्या


साउथ ईस्ट दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. घर के अंदर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में डर और सनसनी का माहौल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान शारदा (42) और उनके 15 साल के बेटे कुशल के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया. हमलावरों ने मां-बेटे पर इतनी बेरहमी से वार किया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि वारदात के समय घर में सिर्फ शारदा और उनका बेटा कुशल ही मौजूद थे. परिवार का मुखिया बुध बाजार में अपनी दुकान लगाता है और रोज की तरह देर रात काम खत्म कर घर लौटा था. जैसे ही वह घर पहुंचा तो उसने घर के अंदर खून बहता देखा.

पिता जब घर के अंदर गया तो किचन में पत्नी और बेटा खून से लथपथ पड़े मिले. यह नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. उसने तुरंत पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूटपाट या कोई और वजह थी.

इस दर्दनाक घटना के बाद गोविंदपुरी इलाके में मातम का माहौल है. पड़ोसियों का कहना है कि परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद नहीं था. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |