तिलोई: सरिया चोरी गैंग का भंडाफोड़, कथित भाजपा नेता गिरफ्तार
May 10, 2026
तिलोई/अमेठी। इन्हौना पुलिस ने सरिया चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है।पुलिस ने इस मामले में एक कथित भाजपा नेता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।उनके पास से 12.13 मीट्रिक टन चोरी की सरिया भी बरामद की गई है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धीरज सिंह (25 वर्ष), पुत्र समर बहादुर सिंह, निवासी बेरसरी, रायबरेली और डीसीएम मालिक सुरेंद्र कुमार पासी (40 वर्ष), पुत्र भगौती प्रसाद, निवासी बेनीपुरी, शिवरतनगंज,अमेठी के रूप में हुई है। सुरेंद्र पासी को कथित भाजपा नेता बताया जा रहा है।पुलिस ने डीसीएम (यूपी 36 एटी 2819) पर लदी चोरी की सरिया के साथ उन्हें पकड़ा।पुलिस पूछताछ में डीसीएम चालक धीरज सिंह ने बताया कि 5 मई को दीना आयरन एंड स्टील लिमिटेड, पटना, बिहार से 12.13 मीट्रिक टन सरिया उन्नाव डिलीवरी के लिए लोड की गई थी। धीरज के अनुसार, वाहन मालिक सुरेंद्र पासी ने उसे उन्नाव न पहुंचकर सरिया को चोरी या गबन के इरादे से रायबरेली के पूरे नायाब थाना महराजगंज लाने को कहा था।वाहन मालिक सुरेंद्र पासी ने पूछताछ में बताया कि वे सरिया को दिलीप यादव, पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र, निवासी पूरे नायाब, महराजगंज, रायबरेली के मकान के पास उतार रहे थे।उन्होंने दिलीप को बताया था कि उनके पास रखने की जगह नहीं है और वे इसे बाद में उठा ले जाएंगे। सुरेंद्र ने दिलीप को यह नहीं बताया था कि यह सरिया चोरी की है।इस बरामदगी के आधार पर, इन्हौना पुलिस ने मुकदमा संख्या 33ध्26 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3) और 303(2) के तहत दर्ज मामले में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।बताया जा रहा है कि सरिया चोरी गिरोह का मुख्य आरोपी कथित भाजपा नेता सुरेंद्र पासी सत्ताधारी भाजपा के कई मंत्रियों और नेताओं के साथ-साथ पुलिस विभाग के कुछ इंस्पेक्टरों और उपनिरीक्षकों का भी करीबी है।सूत्रों के अनुसार,उसका नाम पहले भी कई अपराधों में सामने आया था,लेकिन अपनी राजनीतिक और पुलिसिया पैठ के कारण वह हर बार बच निकलता था।
