बीसलपुर। मानव उत्थान सेवा समिति शाखा बीसलपुर के तत्वावधान में रविवार को श्री रामलीला मैदान स्थित अयोध्यापुरी भवन में मासिक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महात्मा अनुरक्ति बाई के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक प्रवचनों का श्रवण किया।
सत्संग को संबोधित करते हुए महात्मा अनुरक्ति बाई ने गीता, रामचरित मानस एवं अन्य धार्मिक ग्रंथों के आधार पर प्रवचन देते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इस मानव तन को पाने के लिए देवता भी तरसते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को इस जीवन का सदुपयोग करते हुए प्रभु के सच्चे नाम का सुमिरन करना चाहिए। प्रत्येक श्वास में प्रभु का नाम समाया हुआ है, जिसे सद्गुरु की शरण में जाकर ही जाना जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सांसारिक मोह-माया में फंसकर मनुष्य अपना अमूल्य जीवन व्यर्थ कर देता है, जबकि सद्गुरु के बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने भीतर परम प्रकाश के दर्शन कर सकता है। प्रवचन के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
सत्संग कार्यक्रम से पूर्व प्रेमी सज्जनों द्वारा चेतावनी भरे सुंदर भजन प्रस्तुत किए गए, जिनका उपस्थित श्रद्धालुओं ने आनंद लिया। दूर-दराज से आए श्रद्धालु कार्यक्रम में देर तक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मेवाराम, कुंवरसेन, भजनलाल, कुंदनलाल, खुशीराम शर्मा, ज्वाला प्रसाद गंगवार, तिलकराम, प्रेमचंद, सत्यप्रकाश, पातीराम, चंद्रपाल एडवोकेट, मुन्नी देवी, पुष्पा देवी, गुडिया देवी एवं कमला देवी सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा। अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।
