बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि बरखेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक उसकी 16 वर्षीय बेटी को अपने साथ भगा ले गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बेटी के संपर्क बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी डीजे बजाने वाले युवक से हो गए थे। जानकारी होने पर परिवार ने किशोरी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी युवक लगातार संपर्क में बना रहा।
परिजनों के अनुसार आरोपी युवक मौका पाकर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि किशोरी घर से जाते समय लगभग एक लाख रुपये के जेवर और दस हजार रुपये की नकदी भी साथ ले गई।
परिवार के लोगों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित पिता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर बरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सुमित कुमार पुत्र जयकरन लाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

.jpg)