बीसलपुर। अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष प्रेमसागर पटेल ने उपजिलाधिकारी बीसलपुर को ज्ञापन सौंपकर ग्राम ईटगांव स्थित गूल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ सहखातेदारों द्वारा सरकारी अभिलेखों में दर्ज भूमि पर लगातार कब्जा किया जा रहा है।
ज्ञापन के अनुसार ग्राम ईटगांव में गाटा संख्या 793, क्षेत्रफल 0.0320 हेक्टेयर भूमि गूल के नाम दर्ज है। आरोप है कि गांव कैंचुआ के कुछ सहखातेदारों ने उक्त भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है। क्षेत्रीय लेखपाल की आख्या में भी गूल की भूमि वार्डर पर चिन्हित बताई गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि उपजिलाधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई आख्या में भूमि का सीमांकन कर मेड़ डलवाने और अतिक्रमण हटवाने का उल्लेख किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने उक्त भूमि पर गेहूं की फसल बो दी थी। वर्तमान में भूमि खाली पड़ी है, लेकिन दोबारा कब्जे की आशंका बनी हुई है।
प्रेमसागर पटेल ने ज्ञापन में कहा कि कुछ सहखातेदार अपनी भूमि बेच चुके हैं और शेष भूमि बेचने की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में आशंका है कि अतिक्रमणकारी गूल की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कार्य करा सकते हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गूल की भूमि का दोबारा सीमांकन कराया जाए तथा स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त कराकर सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

.jpg)