बीसलपुर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों एवं प्रेरणादायी वातावरण से ओतप्रोत दिखाई दिया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. रविशरण सिंह चैहान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान और आत्मसम्मान के अमर प्रतीक थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मातृभूमि की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए संघर्ष का मार्ग नहीं छोड़ा। उनका जीवन प्रत्येक विद्यार्थी को साहस, राष्ट्रप्रेम और आत्मगौरव की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित प्रेरक विचार, कविता एवं प्रसंग प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चैहान, शशि सौरभ, जनार्दन मिश्रा, रमेश पाल, अशोक पाण्डेय, काशीनाथ, महेन्द्र पाल, भगत सिंह एवं नारायण सिंह रावत, आलोक शुक्ला सहित सभी आचार्य उपस्थित रहे।
