Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बदमाशों ने छोटे भाई की हत्या कर दूसरे जिले के कुएं में फेंकी लाश, सदमे में बड़े भाई ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी


राजस्थान के बालोतरा जिले में बदमाशों ने अपहरण के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को दूसरे जिले के एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि छोटे भाई के लापता होने के गम में बड़े भाई ने भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बालोतरा निवासी बचिया उर्फ सुरेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सुरेश सिवाना में मजदूरी करता था। पाली जिले के जेतपुर थानाप्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि 15 अप्रैल को वीर बापजी मंदिर के पास सुरेश का ईश्वर भील नाम के व्यक्ति से विवाद हुआ था और इसी रंजिश में आरोपी लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल की शाम आरोपियों ने देवड़ा गांव में रेलवे फाटक के पास से सुरेश का अपहरण कर लिया और सुनसान जगह ले जाकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी।

थानाप्रभारी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी शव को कई किलोमीटर दूर पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के राणा गांव स्थित एक कुएं में फेंक गए। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने दो मई को कुएं में शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद शव को कुएं से निकालकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

थानाप्रभारी अरुण ने बताया कि सुरेश के लापता होने से मानसिक तनाव और सदमे में उसके बड़े भाई ने 27 अप्रैल को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में खाखरलाई गांव निवासी किशनाराम (27), गणपतराम (31), टीकमराम (27) , जगदीश (31) और हिंगाराम (18) को गिरफ्तार किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |