Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः समर शिविर में बच्चों की प्रतिभा को मिल रहा नया मंच! खेल, कला, संगीत, योग और रचनात्मक गतिविधियों से निखर रहा विद्यार्थियों का व्यक्तित्व


पीलीभीत। शहर के लिटिल एंजेल्स स्कूल में आयोजित समर शिविर बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शिविर में नर्सरी से लेकर कक्षा आठ तक के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर नई-नई विधाएं सीख रहे हैं। विद्यालय परिसर इन दिनों बच्चों की रचनात्मकता, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों से गुलजार है।

विद्यालय द्वारा आयोजित समर शिविर में बच्चों को क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, तैराकी, पिकल बॉल, स्केटिंग, नाट्य कला, शास्त्रीय नृत्य, हस्तकला, चित्रकला, सुलेख, कहानी वाचन, बिना आग के व्यंजन बनाना तथा खोज प्रयोगशाला जैसी अनेक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा आधुनिक और पारंपरिक कलाओं का समन्वय भी बच्चों को आकर्षित कर रहा है।

समर शिविर में योग अभ्यास और कुम्हार के चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाना विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बच्चों को योग के माध्यम से स्वास्थ्य और अनुशासन का महत्व समझाया जा रहा है, वहीं मिट्टी कला के जरिए उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित किया जा रहा है। बच्चे स्वयं अपने हाथों से मिट्टी के बर्तन बनाकर बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

विद्यालय परिसर में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण सत्रों में बच्चे पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और स्केटिंग जैसी गतिविधियों में बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना का महत्व भी बताया जा रहा है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एन.सी. पाठक ने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी समर शिविर को लेकर बच्चों में अत्यधिक उत्साह है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचियों और प्रतिभाओं को निखारने का अवसर मिलता है। इसी कारण हर वर्ष प्रतिभागियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए गतिविधियों का चयन किया गया है, ताकि विद्यार्थी खेल, कला और रचनात्मकता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |