Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः गोमती नदी पुनरुद्धार अभियान का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने किया श्रमदान! रम्पुरा फकीरे में शुरू हुआ निर्मल गंगा जल अभियान, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा


पीलीभीत। विकास खंड पूरनपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत रम्पुरा फकीरे में सोमवार को गोमती नदी के पुनरुद्धार और निर्मल गंगा जल अभियान का विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह ने पूजन-अर्चन कर अभियान की शुरुआत की।

अभियान के दौरान जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, गायत्री परिवार के सदस्यों, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं और ग्रामीणों ने फावड़ा चलाकर श्रमदान किया तथा गोमती नदी के पुनरुद्धार कार्य में सहभागिता निभाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि गोमती नदी आदि गंगा के नाम से जानी जाती है और इसका धार्मिक, ऐतिहासिक तथा पर्यावरणीय महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से आने वाले समय में माधोटांडा क्षेत्र को एक बड़े पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नदी की सफाई, तटों के सुव्यवस्थित विकास और जल प्रवाह को अविरल बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गोमती नदी के जल को स्वच्छ बनाना, भूजल स्तर में सुधार लाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अपूर्व सिंह ने कहा कि गोमती नदी पीलीभीत की पहचान है और नदियां हमारी सभ्यता की जीवनरेखा होती हैं। उन्होंने कहा कि गोमती नदी का पुनरुद्धार आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का अभियान है। इससे न केवल जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय जैव विविधता को भी नया जीवन मिलेगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नदी की खुदाई और सफाई का कार्य पूरी गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ कराया जाए, ताकि नदी को पुनः जीवंत स्वरूप प्रदान किया जा सके।

कार्यक्रम में गायत्री परिवार के स्मरवीर सिंह, अशोक खंडेलवाल, ठाकुर अजय सिंह तथा ड्रीम मैंगो की दीपिका चतुर्वेदी सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी एवं मनरेगा प्रभारी ने किया।

इसके बाद माता भगवती देवी गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में भी जिलाधिकारी ने भाग लिया। यहां आयोजित भंडारे में सभी श्रमदानियों ने प्रसाद ग्रहण किया। गोशाला प्रबंधक अनंतराम पालिया और लालता प्रसाद शास्त्री ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। गोमती माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस अवसर पर पूरनपुर और कलीनगर के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, विकास विभाग के अधिकारी, गोमती सेवक राममूर्ति सिंह, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, कुंवर निर्भय सिंह, संदीप खंडेलवाल, गुड्डू वाजपेई, रामनरेश शुक्ला, शक्ति सिंह, राजेश गुप्ता, राजू खंडेलवाल, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, किरण सिंह, गौरव पांडेय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, गायत्री परिवार के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |