Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कन्नौजः नौ दिन में पूरी जनगणना कर जनपद कन्नौज की गुरसहायगंज नगर पालिका ने रचा इतिहास ! जागरूकता के चलते नागरिको ने भी स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कराई - अनिल कुमार


कन्नौज। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जनपद की सभी नगर पालिकाओं में सर्वप्रथम जनगणना कार्य पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रिकॉर्ड समय में गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित प्रगणना कार्य संपन्न किए जाने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनगणना विभाग द्वारा पालिका टीम की सराहना की जा रही है।

नगर पालिका परिषद गुरसहायगंज के 25 वार्डों में कुल 76 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) निर्धारित किए गए थे, जिनमें 74 प्रगणकों ने 11 सुपरवाइजरों के निर्देशन में कार्य किया। सुव्यवस्थित योजना, बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के बल पर पूरी टीम ने मात्र 9 दिनों में जनगणना का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया। इसके साथ ही गुरसहायगंज जनपद में जनगणना कार्य पूर्ण करने वाली दूसरी चार्ज बन गई है।

अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि अभियान की शुरुआत से ही समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगणना सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई थी। इसके अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के लिए प्रेरित किया गया तथा उनकी सहायता के लिए प्रेरकों की तैनाती की गई। व्यापक जनसहभागिता और जागरूकता अभियान के कारण बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वयं अपनी गणना दर्ज की।

पालिका द्वारा एक अभिनव पहल के तहत नागरिकों को अपनी स्व-गणना आईडी घरों के बाहर स्टीकर के रूप में प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया। इससे प्रगणकों को फील्ड में कॉन्टैक्टलेस एन्यूमरेशन करने में सुविधा मिली और कार्य की गति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इस नवाचार ने निर्धारित समय से पूर्व लक्ष्य प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सुपरवाइजर सुनील सिंह एवं पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान नियमित ऑनलाइन समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इनमें दैनिक प्रगति, कवरेज प्रतिशत और कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे। साथ ही सुपरवाइजरों द्वारा डेटा का सूक्ष्म परीक्षण कर अनुमोदन प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा किया गया।

उन्होंने कहा कि इस सफलता का श्रेय नागरिकों, प्रेरकों, प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं पालिका प्रशासन के सामूहिक प्रयासों को जाता है। गुरसहायगंज द्वारा अपनाया गया मॉडल अब जनपद के अन्य चार्ज क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।

पालिकाध्यक्षा मुन्नी देवी गुप्ता एवं उनके प्रतिनिधि मयंक गुप्ता ने बताया कि पालिका द्वारा मात्र 09 दिनो मे जनगणना का प्रथम चरण पूरा करना पूरे नगर के लिये गर्व की बात है यह उपलब्धि नागरिको, प्रगणकों, सुपरवाइजरों, प्रेरकों, तथा पालिका टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पालिका की प्रगणक पूजा तिवारी ने अपने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक के सभी 245 भवनों की प्रगणना मात्र एक दिन में पूर्ण कर विशेष उपलब्धि हासिल की। उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री कैलाश राजपूत द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया। उनकी यह उपलब्धि पूरे जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |