बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चुर्रासकतपुर में न्यायालय में विचाराधीन मुकदमे की रंजिश को लेकर चार लोगों द्वारा घर में घुसकर किशोरी से मारपीट करने एवं परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम चुर्रासकतपुर निवासी राजपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया हुआ था। घर पर उसकी नाबालिग पुत्री अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान नन्हेंलाल पुत्र लालता प्रसाद उर्फ पप्पू निवासी ग्राम डांडिया नवाजिश अली थाना भुता जिला बरेली, रामनाथ निवासी सावेपुर एवं दो अन्य लोग घर में घुस आए।
आरोपियों ने किशोरी को असलाहों के बल पर घेर लिया और उसके पिता के बारे में पूछताछ की। विरोध करने पर किशोरी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा उसके पिता पर चल रहे मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया गया। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
इसी दौरान पीड़ित की बड़ी बेटी और बेटा घर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना 112 पुलिस को दी गई।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के खिलाफ उसकी पुत्रियों को बहला-फुसलाकर ले जाने और बेचने के मामले में पूर्व से मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। उसी मुकदमे की रंजिश में परिवार को धमकाया जा रहा है।पुलिस ने नन्हेंलाल, रामनाथ एवं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)