Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः नगर निगम की परियोजनाओं एवं लंबित कार्यों को लेकर एलडीए, पीडब्ल्यूडी और लेसा की समन्वय बैठक सम्पन्न


लखनऊ। नगर निगम द्वारा गुरुवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की, जबकि नगर आयुक्त गौरव कुमार भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), लेसा तथा जलकल विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान नगर निगम से जुड़े लंबित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनहित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम के विभिन्न जोनों में प्रस्तावित पीसीटीएस सेंटरों के निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा की गई। महापौर ने एलडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोन-1 स्थित मूंगफली मंडी (रिवर बैंक कॉलोनी सिटी स्टेशन), सुपर मार्केट, जोन-4 स्थित नगर निगम वर्कशॉप (आरआर), जोन-6 स्थित दुबग्गा तथा जोन-7 के मैथिलीशरण गुप्त वार्ड के सी-ब्लॉक में पीसीटीएस सेंटर के लिए 18 मई तक भूमि उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही महापौर ने निर्देश दिए कि 18 मई को एलडीए अधिकारियों के साथ दोबारा बैठक आयोजित कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। बैठक में एलडीए के डिप्टी सेक्रेटरी माधवेश कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनेश्वर मिश्र पार्क के बाहर संचालित वेंडिंग जोन को लेकर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही जलकल विभाग द्वारा प्रस्तावित तीन पानी की टंकियों के एस्टीमेट को शीघ्र स्वीकृत कर बजट जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में लेसा से जुड़े विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। इस दौरान लेसा के चीफ इंजीनियर सुशील गर्ग उपस्थित रहे। महापौर ने निर्देश दिए कि सीएम ग्रिड परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत सात स्थानों पर चल रहे कार्यों में ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान विद्युत शटडाउन की स्थिति में नगर निगम की टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए, जिससे आमजन को कम से कम असुविधा हो।

बैठक में जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने जानकारी दी कि शहर के कई स्थानों पर सीवर लाइन के भीतर बिजली की लाइनें बिछाई गई हैं, जिससे भविष्य में तकनीकी दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार लेसा को पत्र भेजे जा चुके हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने लेसा के चीफ इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से इन लाइनों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के लखनऊ जनपद के नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता सतेंद्र नाथ भी मौजूद रहे। महापौर ने उन्हें नगर निगम से संबंधित सभी विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में सभी विभागों का समन्वय बेहद आवश्यक है। नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |