रूद्रपुर। पंतनगर स्थित अंबेडकर पार्क में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित किए जाने की दिशा में कार्य तेज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कार्यदायी संस्था कुमाऊँ मंडल विकास निगम के अवर अभियंता अजय सिंह के साथ अंबेडकर पार्क पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया तथा प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान का चिन्हीकरण किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति पंतनगर द्वारा लंबे समय से प्रतिमा स्थापना की मांग की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किच्छा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री द्वारा इस कार्य के लिए कुमाऊँ मंडल विकास निगम को 50 लाख रुपये की धनराशि भी जारी की जा चुकी है।
राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता, महापुरुषों के सम्मान एवं जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रेरणास्रोत भी हैं। उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था द्वारा जल्द ही पार्क के सौंदर्यीकरण एवं प्रतिमा स्थापना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे अंबेडकर पार्क पंतनगर एक भव्य एवं प्रेरणादायी स्थल के रूप में विकसित होगा।
निरीक्षण के दौरान इंदिरा कॉलोनी के स्थानीय नागरिकों ने पूर्व विधायक को अवगत कराया कि विगत चार दिनों से क्षेत्र का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए राजेश शुक्ला ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर आज शाम तक ट्रांसफार्मर बदलने अथवा नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।
इस दौरान समिति अध्यक्ष रामाशीष, मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अलकेश सिंह, सर्वेश रॉय, महेंद्र बाल्मीकि, सचिन शर्मा, रवि कुमार, कमल ठटोला, सुधीर यादव, पवन दूबे, आशीष ढांढ़ा, डी.के. सिंह, कमलेश्वर दूबे, रजनीश पांडे, धर्म सिंह यादव, राहुल कुमार, सुमित कुमार, उदय कुमार सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।।
