पीलीभीत। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल की टनकपुर रोड शाखा में मातृ दिवस का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की टनकपुर रोड एवं सुरभि कॉलोनी शाखा की विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, आकर्षक सजावट एवं पुष्पों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और भावनाओं से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पदमा चंद्रा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में आई.पी.एस. मिस नताशा गोयल उपस्थित रहीं। विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा एवं प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
टनकपुर रोड शाखा की ओर से आराध्या एवं अनाया ने मंच संचालन किया, जबकि सुरभि कॉलोनी शाखा से सौम्या सिंह यादव, अद्विक पाठक, कविता वर्मा एवं अंशिका शर्मा ने संचालन की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत साक्षी मैम द्वारा प्रस्तुत माँ की ममता, त्याग और प्रेम पर आधारित भावपूर्ण कविता से हुई, जिसने उपस्थित सभी माताओं को भावुक कर दिया।इसके पश्चात पी.एन.सी., एन.सी., के.जी. एवं कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों के मनमोहक नृत्य, समूहगान, अभिनय एवं नाट्य मंचन ने सभी का दिल जीत लिया। सुरभि कॉलोनी शाखा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक में माँ के त्याग और महत्व को बेहद सुंदर ढंग से दर्शाया गया।कार्यक्रम में माताओं के लिए मनोरंजक खेल एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कुशाग्र सर एवं क्षितिज द्वारा प्रस्तुत माँ को समर्पित भावपूर्ण गीत रहा। उनकी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भावनाओं से भर दिया और कई अभिभावकों की आंखें नम हो गईं।सुरभि कॉलोनी शाखा की माताओं दीक्षित चैहान, नेहा गर्ग, सुमन गोयल एवं क्रांति देवी द्वारा प्रस्तुत विशेष नृत्य ने समारोह में चार चांद लगा दिए। सभी माताओं ने विद्यालय में नियमित अभ्यास कर अपनी प्रस्तुति को तैयार किया था। उनकी शानदार प्रस्तुति पर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि पदमा चंद्रा ने अपने संबोधन में कहा कि माँ ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है और उसके संस्कार बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि आई.पी.एस. मिस नताशा गोयल ने “मातृ शक्ति” विषय पर प्रेरणादायक संबोधन देते हुए माताओं से बेटियों को उच्च शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने जीवन संघर्ष एवं आई.पी.एस. बनने तक की यात्रा साझा करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास का महत्व समझाया।अंत में प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा ने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माँ संसार का सबसे अनमोल रिश्ता होती हैं। विद्यालय के प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सराहना की।कार्यक्रम का सफल संचालन शालू मैम, झलक मैम, वंशिका मैम, भावना मैम, प्रभा मैम एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में सभी माताओं एवं अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
