बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल को किया सेवा से बर्खास्त
May 11, 2026
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में लंबे समय बाद मुंबई पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी के बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आपको बता दें कि बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 की रात बांद्रा स्थित उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे मुंबई पुलिस के प्रोटेक्शन एंड सिक्योरिटी ब्रांच में तैनात थे और बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा ड्यूटी पर नियुक्त किए गए थे। घटना के बाद उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में श्याम सोनावणे को ड्यूटी में लापरवाही का दोषी पाया गया, इसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसमें पूछा गया था कि उन्हें सेवा से क्यों न हटाया जाए। पुलिस विभाग ने बाद में उन्हें बर्खास्तगी पत्र जारी किया, जिसे उन्होंने 2 मई को स्वीकार कर लिया। ड्यूटी में लापरवाही के चलते उन्हें आधिकारिक रूप से सेवा से हटा दिया गया है।
कुछ ही समय पहले मुंबई की एक विशेष अदालत ने बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में 27 आरोपियों के खिलाफ मकोका और बीएनएस के तहत आरोप तय किए हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की हत्या, मकोका, शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय किए गए हैं। आपको बता दें कि BNS के मुताबिक, आपराधिक सुनवाई में आरोप तय करना पहला स्टेप है। इसके तहत अदालत सबूतों के आधार पर आरोपों को औपचारिक रूप देती है।
बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। इस मामले में पुलिस के आरोप पत्र में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को आरोपी दिखाया गया है। अभियोजन पक्ष ने दावा किया है कि अनमोल बिश्नोई ने कथित तौर पर अपराध सिंडिकेट पर भय और दबदबा कायम करने के इरादे से सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची थी।

