बलिया। जनगणना 2027 के तहत जिले में स्व-गणना अभियान की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को आपदा विभाग सभागार में हुई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान का शुभारंभ किया तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 07 मई से 21 मई तक केवल मकानों की स्व-गणना की जाएगी। अब नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपने मकानों की गणना कर सकेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना करने के साथ कम से कम दस अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है और इसमें दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्व-गणना के लिए आधार कार्ड या किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों को केवल सही और तथ्यात्मक जानकारी देनी होगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना 2027 के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, पियूष सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
