Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

कन्नौजः जिलाधिकारी ने मेंहदीघाट अन्त्योष्टि स्थल का किया निरीक्षण! अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी


कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने ग्राम पंचायत मेंहदीपुर स्थित मेंहदीघाट पर संचालित अन्त्योष्टि स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अन्त्योष्टि स्थल पर व्यापक अव्यवस्थाएं एवं साफ-सफाई की अत्यंत खराब स्थिति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर मुख्य बांध घाट तक जाने वाली सीढ़ियों एवं घाट परिसर मे गंदगी एवं अस्त-व्यस्त व्यवस्था मिलने पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान द्वारा लगाए गए सफाई कर्मियों की व्यवस्था एवं कार्ययोजना के संबंध मे जानकारी ली। इस संबंध में ग्राम प्रधान द्वारा कोई संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 मे शासन द्वारा स्वीकृत लगभग 24.23 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अन्त्योष्टि स्थल का कार्य अब तक पूर्ण नहीं कराया गया है। इसके अतिरिक्त मा० सांसद निधि से पूर्व मे कराए गए निर्माण कार्यों की स्थिति भी अत्यंत खराब पाई गई। विश्रामालय एवं चबूतरे जर्जर एवं अव्यवस्थित स्थिति मे मिले तथा परिसर में प्रकाश व्यवस्था का भी पूर्ण अभाव पाया गया।

जिलाधिकारी ने यह भी संज्ञान लिया कि अंतिम संस्कार हेतु आने वाले परिवारों से लिए जाने वाले शुल्क का कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं था तथा शुल्क दरों का कहीं भी प्रदर्शन नहीं किया गया था जिससे पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न उत्पन्न होता है।

उक्त समस्त कमियों एवं अनियमितताओं की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच हेतु चार सदस्यीय समिति गठित की गई है जिसमें उपायुक्त मनरेगा खण्ड विकास अधिकारी सहायक अभियंता आर०ई०डी० तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी कन्नौज को शामिल किया गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गठित समिति समस्त बिंदुओं की गहन जांच कर सात दिवस के भीतर अपनी स्पष्ट एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मनरेगा जिला पंचायत राज अधिकारी तथा ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |