पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर बोले केजरीवाल! संजीव अरोड़ा ने बीजेपी में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया , उन्हें सलाम
May 11, 2026
ईडी ने शनिवार (09 मई) को भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था. अब इस पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने संजीव अरोड़ा की तारीफ की है और कहा कि बीजेपी में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया.
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''किसी भी इंसान का चरित्र मुसीबत के समय पता चलता है. संजीव अरोड़ा ने बीजेपी में जाने की बजाय जेल जाना पसंद किया. उन्हें सलाम.''
बता दें कि शनिवार सुबह से ही ईडी संजीव अरोड़ा से जुड़े चार ठिकानों पर छापेमारी की थी. अप्रैल में भी ईडी ने दूसरी बार अरोड़ा के ठिकानों पर छापा मारा था. अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चलाया गया. जिन परिसरों की तलाशी ली गई, उनमें चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्री के रूप में अरोड़ा को आवंटित सरकारी आवास भी शामिल है.
संजीव अरोड़ा के घर 9 मई को ईडी की रेड पर अरविंद केजरीवाल ने कहा था, ''आज (09 मई) सुबह से पंजाब सरकार में आम आदमी पार्टी के मंत्री संजीव अरोड़ा जी के घर पर ईडी की रेड चल रही है. अगर देश के अंदर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है तो उसे रोकना और उसकी जांच करना ईडी का काम है. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन हमने देखा कि जबसे इस देश के अंदर मोदी राज आया है, सीबीआई भ्रष्टाचार रोकने के लिए काम नहीं करती है, ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम नहीं करती है. वो सिर्फ और सिर्फ दूसरी पार्टियों को तोड़ने-धमकाने का काम करती है.''

