पुरानी रंजिश में बॉक्सर की हत्या, 8 महीने बाद मास्टरमाइंड सुमित राणा गिरफ्तार
May 08, 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है. राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर विकास उर्फ भिंडा की हत्या के मामले में वांटेड कुख्यात अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब आठ महीने से फरार चल रहा था और उसे घोषित अपराधी भी घोषित किया जा चुका था. जांच एजेंसियां लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं.
बताया जा रहा है कि आरोपी हत्या के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था. क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे दबोच लिया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की साजिश, उसके नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
यह सनसनीखेज वारदात 29 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर इलाके में हुई थी. उस दिन सुमित राणा अपने साथियों विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार, आकाश गहलोत और कृष्ण के साथ मिलकर पहले से बनाई गई योजना के तहत मौके पर पहुंचा. जैसे ही उन्होंने विकास भिंडा को देखा मुख्य शूटर विकास दहिया ने उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी. हमले में विकास भिंडा की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और इलाके में दबदबा कायम करने के लिए की गई थी.
मामले की जांच के दौरान आकाश गहलोत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था. जबकि सुमित राणा समेत अन्य आरोपी फरार हो गए थे. बाद में कोर्ट ने उन्हें घोषित अपराधी घोषित कर दिया. अप्रैल 2026 में गैंग लीडर विकास दहिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन सुमित राणा पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था. क्राइम ब्रांच की टीम को हाल ही में गुप्त सूचना मिली कि सुमित राणा आदर्श नगर इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और पुख्ता जांच के आधार पर छापा मारकर उसे दबोच लिया.
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में सुमित राणा ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश उसी ने अपने चचेरे भाई विकास दहिया के साथ मिलकर रची थी. वारदात के बाद हथियार भी उसी के पास आया, जिसे बाद में उसने दूसरे आरोपी को सौंप दिया. पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
