Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में अप्रैल माह में 65 लापता लोग सकुशल बरामद, परिवारों में लौटी खुशियां


पीलीभीत। जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ मानवीय सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए पीलीभीत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ और ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत अप्रैल 2026 के पूरे महीने में पुलिस ने कुल 65 गुमशुदा और अपहृत व्यक्तियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया। इस उपलब्धि ने न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली को सराहना दिलाई है, बल्कि उन परिवारों में भी नई उम्मीद और खुशियां लौटाई हैं, जो अपने प्रियजनों के बिछड़ने से परेशान थे।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी थानों पर विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र का सहारा लेकर लापता व्यक्तियों की खोजबीन की। कई मामलों में पुलिस ने अन्य जिलों और राज्यों तक समन्वय स्थापित कर लोगों को बरामद किया। लगातार फील्ड में काम कर रही टीमों की मेहनत और सतर्कता के चलते यह सफलता संभव हो सकी।

अभियान के तहत जनपद के सभी सर्किलों में पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। नगर सर्किल के कोतवाली, गजरौला और सुनगढ़ी थानों ने बड़ी संख्या में लोगों को बरामद किया। वहीं सदर सर्किल के अमरिया, जहानाबाद और न्यूरिया थानों की टीमों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बीसलपुर सर्किल के करेली, दिउरिया कलां, बरखेड़ा और बीसलपुर थानों ने भी प्रभावी कार्रवाई की। इसके अलावा पूरनपुर सर्किल के पूरनपुर, घुंघचिहाई, माधौटांडा, सेहरामऊ उत्तरी और हजारा थानों की पुलिस ने भी कई मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया।

पुलिस ने सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (ठछै) की सुसंगत धाराओंकृजैसे 87, 137(2), 352 आदिकृके तहत दर्ज मुकदमों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की। बरामद किए गए सभी व्यक्तियों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि किसी भी बरामद व्यक्ति के साथ कोई अनहोनी या उत्पीड़न न हुआ हो।

महीनों से लापता अपने बच्चों, बेटियों और परिजनों को सकुशल वापस पाकर परिवारों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। कई परिवार ऐसे थे, जिन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता ने उन्हें फिर से अपने अपनों से मिला दिया। लोगों ने पुलिस के इस संवेदनशील और समर्पित कार्य की खुलकर सराहना की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति पुलिस की जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि कोई भी लापता व्यक्ति अपने परिवार से दूर न रहे और हर बिछड़ा इंसान अपने घर तक पहुंच सके। जनपद में इस सफलता के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर आमजन में भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं ‘ऑपरेशन मुस्कान’ एक उम्मीद बनकर सामने आया हैकृउन परिवारों के लिए, जो अपने अपनों के लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |