दुनियाभर में 50 दिन बाद भी गदर मचा रही 'धुरंधर 2'
May 08, 2026
'धुरंधर 2: द रिवेंज' या धुरंधर 2 को सिनेमाघरों में रिलीज हुए अब दो महीने पूरे होने वाले हैं लेकिन ये फिल्म अब भी दर्शकों को थिएटर तक खींचने में कामयाब हो रही है. इसी के साथ ये अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने की राह पर अपना ऐतिहासिक सफर जारी रखे हुए है. 19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऑफिशियली 50 दिन पूरे कर लिए हैं. इसी के साथ ये वर्ल्डवाइड एक बड़ा आंकड़ा पार करने से इंचभर दूर रह गई है. जानते हैं इसके 50 दिनों का कलेक्शन
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ने रिलीज के सात हफ्ते पूरे कर लिए हैं. इस दौरान इसने बमफाड़ कमाई की है और बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म भी बन चुकी है. वहीं सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने रिलीज के 50वें दिन भारत में 50 लाख रुपये कमाए, जिससे सातवें सप्ताह का इसका कलेक्शन 5.58 करोड़ रुपये रहा. इसी के साथ बता दें कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने भारत में 1140.67 करोड़ की नेट कमाई कर ली है. ये अब ऑल टाइम सबसे बड़ी भारतीय फिल्मों में अपनी जगह बना चुकी है.
वहीं, फिल्म ने 50 दिन बाद भी वर्ल्डवाइड धूम मचाई हुई है. इसका दुनियाभर में 50 दिनों का कुल कलेक्शन 1791.55 करोड़ रुपये हो चुका है. जिसमें भारत से 1365.20 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से 426.35 करोड़ रुपये शामिल हैं. फिल्म ने अब 'बाहुबली 2: द कंक्लूजन' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है, जिसने अपने थिएट्रिकरल रन के दौरान दुनियाभर में 1788.06 करोड़ रुपये कमाए थे. इस उपलब्धि के साथ, 'धुरंधर 2' अब विश्व स्तर पर दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है, ये अब केवल 'दंगल' से पीछे है.
वहीं 'धुरंधर 2' अब 1800 करोड़ी बनने की ओर बढ़ रही है. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 17.91.55 करोड़ रुपये हो गया है और 18 सौ करोड़ी बनने के लिए इसे 9 करोड़ के करीब और कमाने की जरूरत है. देखने वाली बात होगी कि क्या धुरंधर 2 वर्ल्डवाइड इस मील के पत्थर को पार कर पाएगी या नहीं.
वहीं रणवीर सिंह स्टारर इस इस सफलता की कहानी सिर्फ एक फिल्म तक सीमित नहीं है. खबरों के मुताबिक, 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की दुनिया भर में कुल कमाई 3,100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई है, जिससे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय फिल्म सीरीज़ बन गई है.
