Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

रुद्रपुर: बंद घर में लाखों की चोरी का खुलासा, अंतरजनपदीय चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार


रुद्रपुर। एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों पर किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता, भारी मात्रा में सोना-चांदी, नगदी और घटना में प्रयुक्त सामान बरामद

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, मोटरसाइकिल और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

घटना 19 अप्रैल 2026 की रात थाना किच्छा क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले में पीड़ित राजेन्द्र कुमार गोयल की तहरीर पर थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज किया गया था घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्रों के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सितारगंज के केशवनगर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी बहेड़ी हाल निवासी केशवनगर सितारगंज, अकील अहमद निवासी खटीमा तथा दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलो 417 ग्राम चांदी के आभूषण, ₹3,00,485 नगद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, नकब लगाने के उपकरण, घटना में प्रयुक्त एफजेड यामाहा मोटरसाइकिल, बैग, शर्ट और तौलिया बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी किए गए कुछ जेवरात शाहजहांपुर क्षेत्र के सुनारों को बेचे गए हैं, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने मामले में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों का विस्तृत आपराधिक इतिहास भी खंगालना शुरू कर दिया है। मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और मजबूत सूचना तंत्र के माध्यम से अपराधियों को चिन्हित कर कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |