Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL 2026 का फाइनल, प्लेऑफ मैचों के वेन्यू और तारीखों का हुआ एलान


इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 31 मई को खेला जाएगा. बीसीसीआई ने बुधवार को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मैचों के वेन्यू और तारीखों का एलान किया. अहमदाबाद, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में प्लेऑफ के मैच खेले जाएंगे. लगातार दूसरी बार अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को आईपीएल फाइनल की मेजबानी मिली है.

आईपीएल की परंपरा के हिसाब से इस सीजन का फाइनल मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना चाहिए था, लेकिन पिछले साल वहां ट्रॉफी के रोड शो के बाद भगदड़ हो गई थी, जिसमें कई लोगों की जान भी चली गई थी. ऐसे में बीसीसीआई ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को फाइनल की मेजबानी सौंपी है. अहमदाबाद के इस स्टेडियम में आईपीएल 2025 के अलावा आईपीएल 2022 और आईपीएल 2023 के फाइनल खेले गए थे.

बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा, "आईपीएल फाइनल की मेजबानी के लिए मूल रूप से बेंगलुरु को चुना गया था, लेकिन स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ ऐसी मांगों के कारण जो बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं, आयोजन स्थल को स्थानांतरित (शिफ्ट) कर दिया गया है." बोर्ड ने यह भी कहा कि संचालन और लॉजिस्टिकल से जुड़े मसलों के कारण इस वर्ष प्लेऑफ चरण के मैच तीन स्थानों पर खेले जाएंगे.

बीसीसीआई ने कहा, "क्वालीफायर-1 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें भाग लेंगी. इस मैच के विजेता को फाइनल में सीधा प्रवेश मिलेगा. इसके बाद मुकाबले न्यू चंडीगढ़ में होंगे, जहां तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 27 मई को एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा. इसी स्टेडियम में 29 मई को क्वालीफायर-2 भी खेला जाएगा."

धर्मशाला में पहली बार आईपीएल प्लेऑफ का कोई मैच खेला जाएगा. एलिमिनेटर में जीत दर्ज करने वाली टीम क्वालीफायर-2 में क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम का सामना करेगी. इस मैच की विजेता टीम फाइनल में पहुंचेगी.

बीसीसीआई ने आगे कहा, "आईपीएल के मौजूदा सत्र का समापन 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ग्रैंड फाइनल के साथ होगा, जो दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है."

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |