Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

यूपी में बारिश और बिजली गिरने से 24 लोगों की मौत, 15 घायल


यूपी में बीते कुछ दिनों से कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिल रही है। वहीं पिछले दो दिनों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने से यूपी में 24 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 15 लोगों के घायल होने की भी सूचना है। वहीं यूपी में 16 पशुओं की भी मौत हो गई है। हालांकि सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के उचित उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि भारी बारिश से जानमाल के नुकसान और घायलों के लिए 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए।

दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने तूफान, आग, ओलावृष्टि और अत्यधिक वर्षा सहित हाल की प्रतिकूल मौसम स्थितियों से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। एक बयान के मुताबिक यूपी में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से काफी किसानों को नुकसान पहुंचा है। बुधवार से ही यूपी के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इससे किसानों की फसलों के साथ अन्य को भी नुकसान पहुंचा है। बयान में कहा गया कि उन्हें राहत पहुंचाने के लिए सीएम योगी ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है।

यूपी के कई जिलों में हो रही असमय बारिश और ओलावृष्टि को लेकर सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिया है। बयान के मुताबिक जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा से प्रभावितों लोगों और किसानों को मुआवजा दिलाने का अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुआवजा दिलाने के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने तत्काल पर प्रभाव से अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।

बता दें कि बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। यूपी में किसानों की आम की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। मांझी के एक आम किसान दिनेश ने कहा, "हमारे पास 40-50 बीघा जमीन है। खराब मौसम के कारण फसलें गिर गईं। मैंने इसे लगभग 6 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन भारी नुकसान हो गया। सिर्फ नुकसान हुआ है, कोई मुनाफा नहीं। अगर सरकार किसी भी तरह से हमारी मदद कर सके तो राहत मिले।"

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश और तूफान के साथ ओलावृष्टि हो रही है। हालांकि इससे तापमान में गिरावट जरूर हुई है, लेकिन किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो आज यानी शुक्रवार से यूपी में बारिश कम होने के आसार हैं। पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं कल यानी शनिवार से तापमान बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। हालांकि 4 मई से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यूपी के कुछ इलाकों में दोबारा हल्की बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |