बलिया। जनगणना 2027 को लेकर बलिया जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज करते हुए व्यापक रणनीति लागू कर दी है। बुधवार को विकास भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी ने साफ किया कि इस बार ‘स्व-गणना’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना ही सफलता की कुंजी होगा।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने स्तर पर कर्मचारियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें। अधिकारियों को सबसे पहले स्वयं स्व-गणना करने और फिर अधीनस्थों को प्रेरित करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग के माध्यम से शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के जरिए कर्मियों व आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, पंचायत विभाग के माध्यम से ग्राम प्रधानों और किसानों को जोड़ने के लिए कृषि विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीएम ने निर्देश दिया कि ई-रिक्शा, सोशल मीडिया, स्कूल प्रार्थना सभाओं और स्थानीय संस्थानों के जरिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक मोबाइल से भी आसानी से स्व-गणना कर सकते हैं, इसलिए इसे सरल और सुलभ बनाने पर जोर दिया जाए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
.jpg)