Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीत: बकरीद पर प्रशासन का ‘सुरक्षा चक्र’ सख्त, ड्रोन से होगी निगरानी! चार जोन-16 सेक्टर में बंटा जिला, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर


पीलीभीत। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के मद्देनजर पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने जनपद को चार जोन और 16 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं, जबकि संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट मोड पर रखते हुए प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक थाने पर त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) सक्रिय किए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि हवाई निगरानी से भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखना अधिक प्रभावी होगा और किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सकेगा।

त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों को रोकने के लिए विशेष मॉनिटरिंग सेल सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अपुष्ट संदेश को साझा न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित और परंपरागत स्थानों पर ही की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों अथवा नई जगहों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी।

साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी नई परंपरा की शुरुआत न होने दी जाए।

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। बैठकों में दोनों समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और त्योहार को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई।प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग और सतर्कता से ही त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।

नगर निकायों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों के शीघ्र निस्तारण के लिए विशेष टीमें लगाई जाएंगी।इसके अलावा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान पेयजल और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिले में इस बार जिस स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, उससे साफ है कि प्रशासन बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।

------------------

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |