बाराबंकी। जनपद के चर्चित शालीमार पैराडाइज चोरी कांड का पुलिस ने मात्र कुछ दिनों में सफल अनावरण करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पूरे मामले का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये के जेवरात, 14 लाख 85 हजार रुपये नगद, एक लाइसेंसी पिस्टल कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त ऑडी कार बरामद की गई है।घटना के संबंध में बंगला संख्या ब्-05 शालीमार पैराडाइज निवासी अजय कुमार सिंह ने 1 मई 2026 को कोतवाली नगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच परिवार सहित बाहर रहने के दौरान उनके बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लॉकर से नकदी, जेवरात, लाइसेंसी पिस्टल और शस्त्र लाइसेंस चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान चैंकाने वाला खुलासा किया। मामले का मुख्य आरोपी आकर्ष सिंह उर्फ यश निकला, जो पीड़ित के घर के ठीक सामने रहता था। पूछताछ में उसने बताया कि शेयर मार्केट में भारी घाटा होने के कारण उसने अपने साथियों अनुराग कथूरिया और पृथ्वी प्रताप सिंह के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।योजना के तहत 24-25 अप्रैल की रात आकर्ष सिंह ने अपने साथी पृथ्वी प्रताप को छत पर निगरानी के लिए तैनात किया, जबकि वह स्वयं अजय सिंह के घर में घुसकर चोरी करता रहा। चोरी के बाद सामान ऑडी कार से प्रयागराज ले जाकर अनुराग कथूरिया के घर रखा गया। बाद में कुछ जेवरात ऋषि उर्फ चंदन और ऋत्विक यादव को बेच दिए गए तथा अन्य ज्वैलरी गलवाने की तैयारी थी।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, महंगी घड़ियां, छह मोबाइल फोन, लाइसेंसी पिस्टल मय नौ जिंदा कारतूस, शस्त्र लाइसेंस और 14.85 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त ऑडी कार भी कब्जे में ली गई है।गिरफ्तार अभियुक्तों में आकर्ष सिंह उर्फ यश निवासी शालीमार पैराडाइज बाराबंकी, ऋत्विक यादव, अनुराग कथूरिया उर्फ अरमान, ऋषि कुमार सोनी उर्फ चंदन निवासी प्रयागराज तथा पृथ्वी प्रताप सिंह उर्फ ओम निवासी आजमगढ़ शामिल हैं।घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त पुलिस टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया है।
