पीलीभीत। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं तैयारियों का जायजा लिया। परेड निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अनुशासन, एकरूपता तथा शारीरिक दक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से परेड कराई गई और शस्त्र ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों का शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से सजग रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने शस्त्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी प्रयोग, उनके रख-रखाव तथा आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों की भी गहन जांच की। इस दौरान वाहनों में उपलब्ध जीवन रक्षक उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों को चेक किया गया। उन्होंने पीआरवी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपातकालीन सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें।इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने डॉग स्क्वायड शाखा का निरीक्षण कर प्रशिक्षित श्वानों के स्वास्थ्य, प्रशिक्षण एवं उनकी कार्यक्षमता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डॉग स्क्वायड टीम को सतर्कता और दक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण एवं खोजी अभियानों में प्रशिक्षित श्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
परेड समाप्त होने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं, बैरकों, भोजनालय, शस्त्रागार, परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द एवं अन्य कार्यालयों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखा जाए। साथ ही सभी शाखाओं में कार्यों का नियमित निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में अनुशासन एवं जिम्मेदारी के प्रति विशेष गंभीरता देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

