प्रतापगढः विवाहिता महिलाओं के लिए राहत, राशन कार्ड यूनिट ट्रांसफर अब हुआ आसान! सीएससी और तहसील से करें आवेदन, राशन कार्ड स्थानांतरण की सरल व्यवस्था लागू
April 27, 2026
प्रतापगढ़। जिले में जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत विवाहिता महिलाओं के राशन कार्ड यूनिट स्थानांतरण की प्रक्रिया को और अधिक सरल व सुविधाजनक बना दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब शादी के बाद महिलाओं को अपने मायके के राशन कार्ड से नाम कटवाने की जटिल प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत विवाहिता महिला सीधे अपने यूनिट को ससुराल के राशन कार्ड में स्थानांतरित करा सकती है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएससी) पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा संबंधित तहसील के आपूर्ति कार्यालय में संपर्क कर निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर भी यूनिट स्थानांतरण कराया जा सकता है। आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया गया है ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस नई सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठा सकें।
.jpg)